Sambhal News : संभल से भी करीब 200 श्रद्धालु गये थे हाथरस सत्संग में, एक महिला की हुई मौत 

Sambhal News : About 200 devotees from the district have returned safely. After the information about the accident, the family members and acquaintances of all these devotees were worried. Upon reaching home everyone's family members heaved a sigh of relief.

 

संभल। जिले के करीब 200 श्रद्धालु सुरक्षित लौटे हैं। हादसे की सूचना के बाद इन सभी श्रद्धालुओं के परिजन व परिचित लोग चिंतित थे। घर पहुंचने पर सभी के परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव उदयभानपुर निवासी पिंकी शर्मा (25) पत्नी सुनील शर्मा की हाथरस हादसे में जान गई है। महिला सोमवार की रात को अपने परिवार के सदस्यों के साथ बस में सवार होकर सत्संग में शामिल होने के लिए गई थीं। हादसे की सूचना परिजनों को हुई तो रो रोकर बुरा हाल हो गया।  

मीडिया की खबर के अनुसार असमोली ब्लॉक के गांव हरिपुर मिलक, भटपुरा, कुतमपुर मुर्थला, चंदपुरा, असमोली, सैदपुर, निबोला से बस में सवार होकर 30 लोग सत्संग में शामिल होने के लिए गए थे। सभी सुरक्षित लौटे हैं। इसके अलावा एक बस बहजोई के गांव ढकारी से चली थी। इसमें गांव सादातबाड़ी, पाठकपुर, मानकपुर, भागनगर, धनारी, उधरनपुर, मझौला, कैल, इटौआ, रसूलपुर के 65 लोग सवार थे। यह भी सभी सुरक्षित लौटे हैं।

जुनावई क्षेत्र से गई बस में भी कई गांवों के लोग सवार थे। इसी बस में गांव उदयभानपुर निवासी पिंकी शर्मा और उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य सवार हुए थे। सत्संग में भगदड़ मची तो पिंकी की जान चली गई। पिंकी के परिजनों ने बताया कि वह अपने ससुर प्रेमशंकर शर्मा के साथ गई थीं। साथ में आठ वर्षीय बेटा अन्नू, दस वर्षीय बेटी सृष्टि, गांव निवासी महिला कुसुम और महिला की नातिन नीशू व अन्य महिला सरोज भी साथ थे। गांव उदयभानपुर के ग्राम प्रधान दयाराम सिंह ने बताया कि महिला की मौत की जानकारी मिली है। शव गांव देर रात तक भी नहीं पहुंचा है।

गांव हरिपुर मिलक निवासी वीरपाल ने बताया कि घटना से पहले हमारी बस निकल आई थी। भीड़ काफी थी। बस में ही जानकारी मिली कि हादसा हो गया है। कुछ ही देर में जब लोगों के मरने की जानकारी सामने आई तो सभी श्रद्धालुओं की रूह कांप गई। हादसा बड़ा हुआ है। इसमें काफी लोगों की जान चली गई है। बताया कि हादसे की सूचना सभी श्रद्धालुओं के परिजनों को हुई तो सभी की चिंता बढ़ गई और सभी ने फोन करने शुरू कर दिए। पूरी बस में सभी के फोन बज रहे थे।