Jagruk Youth News चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत और विकसित हरियाणा के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश को नशा मुक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए ड्रग फ्री हरियाणा के अभियान में सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होकर हरियाणा के युवा को सशक्त और मजबूत बनाना है।
उन्होंने संत समाज, खाप पंचायतों, सरपंचों और प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और नशा मुक्त हरियाणा बनाने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग का सहयोग नशे के खिलाफ लड़ाई में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
नायब सिंह सैनी आज सिरसा में ड्रग फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0 के समापन अवसर पर साइकिल यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री स्वयं साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे और नशा मुक्त हरियाणा का संदेश दिया।