Nainital News : नैनीताल से भूस्खलन लुढ़कते हुए आए पत्थर, सुरक्षा दीवार तोड़ घरों तक पहुंचे

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Nainital News :उत्तराखंड के नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज बारिश के कारण धूप कोठी क्षेत्र में सड़क की सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे भारी बोल्डर और मलबा नीचे बने घरों तक पहुंच गया। अचानक हुए भूस्खलन से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:30 बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद नैनीताल क्लब के समीप चीना बाबा मंदिर से रुकुट कंपाउंड जाने वाले मार्ग पर आधी रात के बाद जोरदार धमाके के साथ भूस्खलन हुआ। सड़क की सुरक्षा दीवार टूटने से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा नीचे रिहायशी क्षेत्र में जा गिरा। कई पत्थर घरों की छतों तक पहुंच गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

बड़ा हादसा टला
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। यह मार्ग दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए अत्यधिक व्यस्त रहता है और आसपास घनी आबादी भी निवास करती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आधी रात करीब 1:30 बजे तेज बारिश के बीच अचानक बोल्डर गिरने की आवाज सुनाई दी। घरों से बाहर निकलकर देखा तो सड़क की दीवार टूट चुकी थी और लगातार पत्थर नीचे गिर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से गुजर रहे कुछ युवकों ने स्थानीय लोगों की मदद करते हुए रास्ते से पत्थर हटाए और आवागमन बहाल कराया।

रात में लगातार गिर रहे थे पत्थर
धूप कोठी निवासी पंकज ने बताया कि रात में लगातार पत्थर गिर रहे थे और पेड़ गिरने की भी आशंका बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति उस समय सड़क पर होता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की तत्काल मरम्मत कराई जाए और क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। लगातार हो रही बारिश के चलते नैनीताल के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, सुरक्षा दीवारों को मजबूत करने और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।