मुरादाबाद (मझोला)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में सड़क किनारे खुले में रखे ट्रांसफार्मर अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगे हैं। शनिवार शाम मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर शिव नगर मोहल्ले में बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। बारिश के दौरान एक ई-रिक्शा गड्ढे में फंसकर खुले ट्रांसफार्मर से टकरा गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। इस खौफनाक हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसे बचाने आए एक अन्य युवक की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
बारिश, गड्ढा और खुला ट्रांसफार्मर बना काल
जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक ओमप्रकाश शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपना रिक्शा लेकर गैराज में खड़ा करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। जयंतीपुर शिव नगर में सड़क किनारे एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जिसके पास ही एक गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के लिए ओमप्रकाश ने जैसे ही अपना ई-रिक्शा साइड में किया, उसका टायर गड्ढे में फिसल गया। रिक्शा झुककर सीधे खुले ट्रांसफार्मर से टच हो गया और पलक झपकते ही पूरे रिक्शे में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया।
बचाने आए राममोहन ने भी गंवाई जान
करंट की चपेट में आकर ओमप्रकाश को तड़पता देख पास ही मौजूद राममोहन उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन जैसे ही उन्होंने ओमप्रकाश को पकड़कर खींचने का प्रयास किया, वे भी उस जानलेवा करंट की चपेट में आ गए।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय बिजली घर में दी, जिसके बाद सप्लाई बंद की गई। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, बिजली विभाग पर तहरीर
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि दोनों मृतक अपने-अपने परिवारों के साथ जयंतीपुर शिव नगर में किराये के मकान में रहकर ई-रिक्शा चलाते थे। ओमप्रकाश के परिवार में पत्नी पुष्पा, तीन बेटे और एक बेटी है, जबकि राममोहन की पत्नी का नाम ज्योति यादव है।
इस अचानक हुई मौतों से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक राममोहन की पत्नी ज्योति ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।