मुरादाबाद: लगातार बारिश से भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान, पहले ही खाली होने से टली जनहानि

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद: मुगलपुरा थाना क्षेत्र में जामा मस्जिद के पास स्थित हमसफर शादी हॉल के सामने शनिवार को एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। तेज धमाके के साथ इमारत के मलबे में तब्दील होते ही इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रशासन की सतर्कता से बची कई जानें

राहत की बात यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दरअसल, लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की हालत जर्जर हो गई थी और उसमें दरारें आ गई थीं। स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस इमारत को पहले ही खाली करा लिया था। इसी वजह से जब मकान गिरा, तब वहां कोई मौजूद नहीं था।

पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इमारत गिरने से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। मौके पर पुलिस बल और नगर निगम की टीमें मुस्तैद हैं तथा हालात का जायजा ले रही हैं।

​लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के अन्य जर्जर और कमजोर भवनों को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।