भोजपुर: थाना क्षेत्र के गोदी हमीरपुर गांव में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। यहां खेलते समय पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से 3 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा मासूम जानकारी के अनुसार, गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल के आसपास खोदे गए गड्ढों में इन दिनों बारिश का पानी भरा हुआ था। बुधवार को नसरत का 3 वर्षीय बेटा मोहम्मद अली खेलते-खेलते अचानक घर से बाहर निकल गया। इसी दौरान वह निर्माणाधीन स्थल के पास पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा।
घंटों बाद पानी में तैरता मिला शव काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने भी बच्चे को ढूंढने में मदद की। कई घंटों की खोजबीन के बाद मासूम का शव उसी गड्ढे में पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। बेटे का शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने कार्रवाई से किया इनकार घटना की सूचना मिलने पर भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जानकारी ली, लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया है। मासूम की अचानक हुई इस मौत से पूरे गांव का माहौल गमगीन है।