Ghaziabad News-पहली पोस्टिंग पर जा रहे यूपी पुलिस के सिपाही की सड़क हादसे में मौत

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी इलाके में 8 सितंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के 24 साल के सिपाही की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मृतक सिपाही जिसकी पहचान सूरज के रूप में हुई है, वह अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद बंथला चौकी में अपनी पहली पोस्टिंग ज्वाइन करने जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा 8 सितंबर की दोपहर करीब 4:30 बजे बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर बालाजी नेत्रालय के पास हुआ। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं यह घटना वहां पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था सूरज
गाजियाबाद के लोनी इलाके में 8 सितंबर को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मृतक सूरज के दाहिने पैर की जांघ की हड्डी टूट गई थी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आगरा के ग्राम गढ़ी ठाकुरदास के मूल निवासी और 2025 बैच के सिपाही सूरज लोनी थाने से ऑटो में आगे बैठकर बंथला चौकी जा रहे थे। वहीं हादसे के बाद आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को कौशांबी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि सिपाही ऑटो चालक के बराबर वाली सीट पर बैठा है तभी सामने से ट्रैक्टर ट्राली गुजरती है ट्रॉली की साइड ऑटो में बैठे सिपाही को लगती है और सिपाही सड़क पर गिर जाता है।

मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में 5 लोगों की हुई थी मौत
यूपी के मुजफ्फरनगर में 9 सितंबर को बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक छोटी बच्ची समेत तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल इदरीश और साजिद को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस सड़क दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया था।