Amroha News : हसनपुर में गन्ने के खेत में मिला व्यक्ति का अधजला शव, पास ही जली पड़ी थी बाइक

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

अमरोहा/हसनपुर: अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त भारी सनसनी फैल गई, जब गांव दीपपुर के पास झील के जंगल (गन्ने के खेत) में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव बरामद हुआ। मौके पर शव के पास ही एक मोटरसाइकिल भी बुरी तरह से जली हुई हालत में मिली। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने व्यक्ति की बेरहमी से हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बाइक का पेट्रोल निकालकर शव और वाहन दोनों को आग के हवाले कर दिया।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने की छानबीन

रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने खेत में अधजला शव और जली हुई बाइक देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से बारीकी से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाके में भी सुराग तलाशने की कोशिश की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी लखन सिंह यादव का बयान

इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में अमरोहा के पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव और जली हुई बाइक मिलने की सूचना मिली थी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और घटना के पीछे के स्पष्ट कारणों का भी पता नहीं चल सका है।

एसपी ने कहा कि मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। शिनाख्त होने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है।