बेटे को सियार से बचाने के लिए भिड़ी मां, हमले में गंभीर रूप से घायल

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

बहराइच: विशेश्वरगंज इलाके के घिसनीपुरवा गांव में शनिवार रात धान के खेत की रखवाली कर रही एक महिला पर सियार ने जानलेवा हमला कर दिया। अपने मासूम बेटे को बचाने के लिए महिला सियार से भिड़ गई। चेहरे पर पंजों के वार से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बेटे पर झपटा सियार, जान पर खेल गई मां जानकारी के अनुसार, गांव के राम प्रसाद की पत्नी सुनीता देवी (35) शनिवार रात अपने बेटे के साथ आवारा जानवरों (वनरोज) से फसल बचाने खेत पर गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा एक सियार अचानक बाहर निकला और बच्चे की तरफ झपटा। बेटे की जान खतरे में देख सुनीता शोर मचाते हुए उसे बचाने के लिए आगे आईं। इस दौरान सियार ने उनके चेहरे पर पंजों से गंभीर वार कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के खेतों से ग्रामीण दौड़कर पहुंचे, सियार अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में भाग चुका था।

चेहरे पर गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर हमले में लहुलुहान सुनीता देवी को परिजन तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चेहरे पर आई गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत है।

वन विभाग की तीन टीमें तलाश में जुटीं घटना की सूचना मिलते ही वन दरोगा अवधेश कुमार अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएफओ सुंदरेशा ने बताया कि सियार की तलाश और क्षेत्र में निगरानी के लिए वन विभाग की तीन टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय खेतों या सुनसान इलाकों में अकेले न जाने की सलाह दी है।