प्रेमी और उसके भाई के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की निर्मम हत्या

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद (डिलारी): डिलारी थाना क्षेत्र के वमनिया पट्टी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और प्रेमी के भाई के साथ मिलकर साजिश के तहत अपने पति की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को सरकड़ा विश्नोई जंगल के पास गन्ने के खेत में फेंक दिया। रविवार सुबह शव मिलने के बाद मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और उसके भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

डेढ़ साल से प्रेमी के साथ रह रही थी पत्नी पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक रिंकू (35) की शादी आठ साल पहले आंचल से हुई थी। करीब डेढ़ साल पहले आंचल अपने पति को छोड़कर अपने दो बच्चों के साथ पड़ोस में रहने वाले प्रेमी अमित के घर रहने चली गई थी। इसी बात को लेकर रिंकू और अमित के बीच गहरी रंजिश चल रही थी। इसी दुश्मनी के चलते आंचल और अमित ने रिंकू को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची और इस योजना में अमित के भाई शिवम (टेलर) को भी शामिल कर लिया।

रामलीला देखने के बहाने बुलाया, घात लगाकर किया कत्ल मृतक के पिता राजेश कुमार के मुताबिक, मजदूरी करने वाला उनका बेटा रिंकू शनिवार रात घर पर था। तभी आरोपी शिवम उसे सरकड़ा विश्नोई गांव में रामलीला दिखाने के बहाने बुलाकर ले गया। रास्ते में वे रिंकू की बहन शीतल के घर गए, जहां दोनों ने शराब पी। बहन शीतल ने रिंकू को रात में वहीं रुकने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह शिवम के बहकावे में आकर उसके साथ चला गया।

आरोप है कि पहले से रची गई साजिश के तहत अमित और आंचल रास्ते में घात लगाए रिंकू का इंतजार कर रहे थे। शिवम के साथ रिंकू के वहां पहुंचते ही तीनों ने मिलकर धारदार हथियार से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस रविवार सुबह गन्ने के खेत में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रेम-प्रसंग और रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी पत्नी आंचल, प्रेमी अमित और उसके भाई शिवम के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।