मुरादाबाद: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आला अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे, एडीएम (प्रशासन) संगीता गौतम, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय, एडीएम (नगर) अंकुर श्रीवास्तव समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव का कार्यक्रम: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की तिथियां इस प्रकार हैं:
- अधिसूचना जारी होने की तिथि: 29 सितंबर 2026
- नामांकन की अंतिम तिथि: 06 अक्टूबर 2026
- नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा): 07 अक्टूबर 2026
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 09 अक्टूबर 2026
- मतदान की तिथि: 23 अक्टूबर 2026 (सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक)
- मतगणना की तिथि: 27 अक्टूबर 2026
जिलाधिकारी के प्रमुख निर्देश:
- निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
- मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
- सभी मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन किया जाए ताकि चुनाव के दिन कोई कमी न रहे।
जनपद में बनाए गए 12 मतदेय स्थल: जिले में मतदान के लिए कुल 12 केंद्र (मतदेय स्थल) बनाए गए हैं:
- तहसील कार्यालय ठाकुरद्वारा
- क्षेत्र पंचायत कार्यालय डिलारी
- तहसील कार्यालय कांठ
- क्षेत्र पंचायत कार्यालय भोजपुर-धर्मपुर (भगतपुर टांडा)
- क्षेत्र पंचायत कार्यालय मूढ़ापांडे
- तहसील कार्यालय कांठ रोड मुरादाबाद (कक्ष-1)
- तहसील कार्यालय कांठ रोड मुरादाबाद (कक्ष-2)
- तहसील कार्यालय कांठ रोड मुरादाबाद (कक्ष-3)
- क्षेत्र पंचायत कार्यालय मुरादाबाद
- कृषि उत्पादन मंडी समिति मझोला
- क्षेत्र पंचायत कार्यालय कुंदरकी (डींगरपुर)
- तहसील कार्यालय बिलारी