मुरादाबाद: जिले के कांठ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार थार गाड़ी ने इलेक्ट्रिक स्कूटी को कुचल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
आमने-सामने की भीषण टक्कर घटना सोमवार शाम करीब 4:50 बजे कांठ थाना क्षेत्र के मघपुरी इनायतपुरी गांव के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, एक तेज रफ्तार थार गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP 21 DD 5994) का अज्ञात चालक वाहन को लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी को थार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे।
अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने तोड़ा दम हादसे में स्कूटी चला रहे मोहम्मद रिहान उर्फ अली (25) पुत्र अनीस अहमद और पीछे बैठे अबूजर (22) पुत्र जाकिर (दोनों निवासी सलेमपुर, थाना कांठ) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कांठ पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों युवकों की सांसें थम गईं।
थार मालिक की हुई पहचान, चालक की तलाश जारी प्रभारी निरीक्षक (थाना कांठ) ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली थार गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उक्त थार का वाहन स्वामी मोहम्मद नावेद पुत्र मोहम्मद अली निवासी लोदीपुर जवाहर नगर, पोस्ट काजीपुरा, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद है। हादसे के वक्त गाड़ी चलाने वाला अज्ञात चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से संचालित करा दिया है।