लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। उत्तर प्रदेश भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की नई तारीखों और बदले हुए परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। भारी बारिश और जलभराव के कारण 24 और 29 सितंबर को रद्द हुई परीक्षाओं का नया शेड्यूल अब सामने आ गया है।
इन केंद्रों पर बदली तारीख
मुरादाबाद, गाजियाबाद, बरेली और मिर्जापुर की PAC वाहिनियों में 1 अक्टूबर को होने वाली शारीरिक परीक्षा अब 8 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा आजमगढ़, गोरखपुर और मेरठ केंद्रों पर 1 अक्टूबर की परीक्षा 8 अक्टूबर को, 3 अक्टूबर की परीक्षा 9 अक्टूबर को और 4 अक्टूबर की परीक्षा 10 अक्टूबर को होगी। बरेली में परीक्षा केंद्र भी बदला गया है — अब यह PAC वाहिनी की जगह बरेली पुलिस लाइन में आयोजित होगी। कानपुर और फतेहपुर के केंद्रों में भी बदलाव किया गया है।
इन केंद्रों पर कोई बदलाव नहीं
लखनऊ के शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के साथ रायबरेली, झांसी, अलीगढ़ और प्रयागराज की PAC वाहिनियों में परीक्षा 1 अक्टूबर से पहले से तय शेड्यूल के अनुसार ही हो रही है। इन केंद्रों के अभ्यर्थियों को पुराने एडमिट कार्ड और तय समय पर ही ग्राउंड पर रिपोर्ट करना होगा। जिन केंद्रों की तारीख या स्थान बदला है, उनके लिए संशोधित प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर अपना नया शेड्यूल समय रहते जरूर जांच लें।