मुंबई। राजकुमार हिरानी की वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ ने OTT पर नया इतिहास रच दिया है। यह सीरीज 31 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 73 मिलियन वॉच आवर्स के साथ अब तक का सबसे ज्यादा देखा गया शो बन गई है।
1 अक्टूबर को सामने आए आंकड़ों के मुताबिक इस साइबरक्राइम कॉमेडी-थ्रिलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त पकड़ बनाई है। सीरीज को हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है।
गोवा की पृष्ठभूमि में साइबर क्राइम
कहानी गोवा में सेट है, जहां अरशद वारसी पुराने जमाने के पुलिसवाले पेड्रो के किरदार में हैं, जिनका तबादला IT सेल में हो जाता है। वहीं विर हिरानी युवा कोडिंग एक्सपर्ट प्रीतम बने हैं। दोनों की जोड़ी साइबर अपराधों और रहस्यमय किडनैपिंग के मामलों को सुलझाती है।
सीरीज में विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही यह सीरीज हिरानी के डिजिटल डेब्यू के तौर पर भी खास है।
इससे पहले अगस्त में ऑरमैक्स की रिपोर्ट में सीरीज 23 मिलियन यूनिक व्यूअर्स के साथ 2026 की सबसे ज्यादा देखी गई भारतीय वेब सीरीज बन चुकी थी। छह एपिसोड वाली इस सीरीज का हर एपिसोड करीब 35 मिनट का है। मजबूत रिस्पॉन्स के बाद इसके कोरियन रीमेक की भी चर्चा चल रही है।
स्क्रीनराइटर सुयश त्रिवेदी ने शो की सफलता पर कहा था, “We approached it as a human story rather than a show about technology” — यानी इसे तकनीक के शो की बजाय मानवीय कहानी के तौर पर लिखा गया था।
स्रोत: TellyChakkar, Bollywood Hungama