चंडीगढ़, 14 अक्टूबर: दीपावली के मौके पर हरियाणा सरकार ने प्रदेश के अंत्योदय और गरीब परिवारों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सिर्फ 5,000 रुपये में घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के विशेष मॉडल को मंजूरी दे दी है। बाकी पूरा खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी।
इस योजना के तहत अंत्योदय परिवारों को अपनी जेब से सिर्फ 5,000 रुपये का टोकन शुल्क देना होगा। इसके बाद बिजली निगम की संबंधित शाखा खुद अधिकृत वेंडरों से संपर्क कर पात्र परिवारों के घरों पर सोलर पैनल स्थापित करवाएगी। लाभार्थियों को वेंडर खोजने की झंझट नहीं उठानी पड़ेगी। परिवारों को सिर्फ अपने दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे, जिसके बाद अधिकारी आवेदन की निगरानी कर कार्य में तेजी लाएंगे।
बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री की मंजूरी और वित्त विभाग की मुहर के बाद फाइल नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को भेज दी गई है। अगले 20 से 25 दिनों के भीतर यह योजना धरातल पर उतर जाएगी। योजना का मकसद गरीब परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देकर उनका बिजली बिल शून्य करना है। हिसार सर्कल में अब तक 8,150 उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
स्रोत: हरियाणा न्यूज पोस्ट (14 अक्टूबर 2026)

