विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड निर्वाचन क्षेत्र (शिक्षक विधायक) के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर शुक्रवार को संभल और अमरोहा जिले में शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए दोनों जिलों के प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
संभल: नर्सरी से 12वीं तक और उच्च शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सीपी सिंह ने जिलाधिकारी के निर्देश पर आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों और सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्ड से संचालित स्कूलों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) में शुक्रवार को छुट्टी रहेगी। इसके साथ ही जिले के सभी उच्च शिक्षा संस्थान भी बंद रहेंगे।
अमरोहा: स्कूल-कॉलेज के साथ ITI और पॉलिटेक्निक में भी अवकाश
अमरोहा के जिलाधिकारी के आदेशानुसार, जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में शुक्रवार को अवकाश रहेगा। स्कूलों के अलावा उच्च शिक्षा संस्थान, आईटीआई (ITI), पॉलिटेक्निक और अन्य सभी व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। डीएम ने सभी संबंधित संस्थानों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

