Jagruk youth news, Amroha News-अमरोहा। केंद्र पुरोनिधानित योजना के तहत जिला मुख्यालय के 58 नगरीय निकायों को पहले चरण में आदर्श स्मार्ट नगर निकाय के रूप में विकसित किया जाना है। इनमें अमरोहा नगर पालिका भी शामिल है। शासन ने नगर पालिका को पत्र जारी कर एसेट मैपिंग की जानकारी मांगी है। इसके बाद ऑनलाइन नागरिक सेवाएं, डिजिटल गवर्नेस, मूलभूत सुविधाएं, सौंदर्यीकरण के साथ शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। शहर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए शासन ने नगर में उपलब्ध सरकारी व पालिका संपत्तियों की एसेट मैपिंग की जानकारी मांगी है। ताकि योजना को कायदे से लागू किया जा सके।
इसके बाद बजट की कमी से विकास कार्य नहीं अटकेंगे। शहर के विकास कार्यों को पंख लग जाएंगे। चेयरपर्सन शशि जैन ने बताया कि आदर्श स्मार्ट नगर में चयन होने से पालिका की सेवाओं का डिजिटलीकरण होगा। शहरवासियों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, गृह कर व जल कर, व्यावसायिक लाइसेंस जैसी सुविधाएं घर बैठे ऑनलाइन मिल सकेंगी। इसके अलावा शिकायत निवारण प्रणाली, फीडबैक सिस्टम और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी। सड़क, बिजली, पेयजलापूर्ति, सफाई व प्रकाश व्यवस्था, पार्कों का निर्माण, ओपन जिम आदि मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शहर के मुख्य चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण कराते हुए सड़कों किनारे दीवारों पर कलात्मक पेंटिंग्स कराई जाएगी। हरित क्षेत्र को बढ़ावा दिया जाएगा। बताया कि शासन को बहुत जल्द संपत्तियों की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।
इसमें किन वार्डों में कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं, और किनकी कमी है आदि जानकारी मांगी गई है। इसके लिए सभी वार्डों का सर्वे कराया जाएगा। नव विस्तारित क्षेत्र में आसान होगी तरक्की की राह नगर पालिका के आदर्श स्मार्ट नगर योजना में चयन से सबसे ज्यादा शहर के नव विस्तारित क्षेत्र को लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि सीमा विस्तार के करीब तीन साल बाद भी शहरी आबादी में शामिल हुए 51 गांवों को विकास कार्य कराए जाने की दरकार बनी हुई है। मूलभूत सुविधाओं की आस में लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
सीमा विस्तार के बाद नगर पालिका में शामिल हुए पंडकी, रामपुर घना, अकबरपुर पट्टी, दुर्गपुर, पचोकरा, पंजू सराय, खालसा, गुलड़िया में सड़क, बिजली, पेयजलापूर्ति, प्रकाश, सफाई, पार्कों का निर्माण, ओपन जिम आदि विकास कार्यों के साथ ही सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। अब तक वंचित रहे नव विस्तारित क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराया जाएगा। नगर पालिका का स्मार्ट नगर योजना में चयन होने से शहर के रुके हुए विकास कार्यों को कराने की अड़चन दूर हो गई है। शहर के सभी 40 वार्डों खासकर नव विस्तारित क्षेत्र का सर्वांगीण विकास अब कराया जाएगा। विकास कार्यों के साथ सौंदर्यीकरण, मूलभूत सुविधाओं आदि से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
डा.बृजेश कुमार ईओ
चेयर पर्सन शशि जैन और उप नगर आयुक्त डाक्टर बृजेश कुमार के अथक प्रयासों एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्री मंडल के सहयोगी नगर विकास मंत्री की कृपादृष्टि का नतीजा है कि आज अमरोहा का नाम स्मार्ट सिटी के लिए चयनित किया गया है।अमरोहा को स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित किए जाने के लिए चेयर पर्सन शशि जैन और उप नगर आयुक्त डाक्टर बृजेश कुमार का हृदय से कोटि कोटि आभार व्यक्त करते हुए हम नगर वासीयो को भविष्य में स्मार्ट सिटीवासी के रूप में पहचाने जाने के लिए बधाई देते है।