मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ
Moradabad News : मुरादाबाद। मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार सुबह तेज बादलों की कड़क के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके साथ ही ठंडी हवाएं चलने से लोगों को सर्दी का अधिक एहसास हुआ और जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे धूप नहीं निकल सकी और ठंड का असर बना रहा।
बादलों की कड़क और बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, जनजीवन प्रभावित
मौसम में आए बदलाव के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बूंदाबांदी और तेज हवा के चलते सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को भी दिक्कत हुई। सुबह के समय काम पर जाने वाले लोगों को ठंड और नमी का सामना करना पड़ा।
कुछ दिनों तक इसी तरह रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है लेकिन बादलों के आगोश में सूरज छिप रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।