मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ
मुरादाबाद, 26 अप्रैल 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे के लिए रविवार का दिन बेहद खास रहा। मुरादाबाद में करीब नौ महीने की कड़ी ट्रेनिंग और पसीना बहाने के बाद 4941 प्रशिक्षु (रिक्रूट) आधिकारिक तौर पर यूपी पुलिस के जांबाज सिपाही बन गए हैं। रिजर्व पुलिस लाइन और अन्य प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित भव्य ‘पासिंग आउट परेड’ (दीक्षांत समारोह) में इन जवानों ने अनुशासन और देश सेवा की शपथ ली।
रिजर्व पुलिस लाइन में डीजी (ट्रेनिंग) राजीव सभरवाल ने शानदार परेड की सलामी ली और जवानों का निरीक्षण कर उनका हौसला बढ़ाया।
कदमताल करते जवानों का दिखा गजब का जोश
मुरादाबाद के छह अलग-अलग प्रशिक्षण संस्थानों में रविवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। फुल ड्रेस पहने इन नए रंगरूटों ने जब शानदार कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया, तो पूरा मैदान जोश और उत्साह से भर गया। देशभक्ति की धुनों के बीच उनकी दमदार प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद हर अधिकारी और दर्शक को रोमांचित कर दिया।
इनडोर और आउटडोर की सभी कठिन परीक्षाएं पास करने के बाद आज ये जवान पूरी तरह से उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में अपना योगदान देने के लिए तैयार हैं।
महिला सिपाहियों ने भी दिखाई अपनी ताकत
इस पासिंग आउट परेड की सबसे खास बात महिला सिपाहियों की भारी भागीदारी रही। पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में आयोजित समारोह में 1455 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। यहां एडीजी (ADG) अमित चंद्रा ने परेड की सलामी ली और महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करने वाली इन महिला सिपाहियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
20 जुलाई 2025 से चल रही थी ट्रेनिंग
ट्रेनिंग के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुरादाबाद के 6 प्रशिक्षण संस्थानों से कुल 4941 प्रशिक्षु सिपाही पास आउट हुए हैं। इन सभी की ट्रेनिंग 20 जुलाई 2025 को शुरू हुई थी।
विभिन्न केंद्रों से पास आउट हुए सिपाहियों का आंकड़ा:
- पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC): 1455 महिला सिपाही
- 23वीं वाहिनी पीएसी (PAC): 442 सिपाही
- 24वीं वाहिनी पीएसी (PAC): 339 सिपाही
- 9वीं वाहिनी पीएसी (PAC): 277 महिला सिपाही
कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब ये सभी सिपाही यूपी पुलिस के विभिन्न जिलों और थानों में अपनी सेवाएं देने के लिए रवाना होंगे।