देहरादून: उत्तराखंड में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यसेवक सदन में आयोजित एक भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित कुल 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र (Appointment Letters) सौंपे। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें पूरी ईमानदारी से जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया।
किन विभागों में मिली कितनी नियुक्तियां? इस समारोह में मुख्य रूप से चार विभागों के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए:
- वन विभाग: 109 अभ्यर्थी
- महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग: 88 अभ्यर्थी
- प्राविधिक शिक्षा विभाग: 65 अभ्यर्थी
- नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग: 14 अभ्यर्थी
‘कड़े कानून से खत्म हुआ नकल माफिया का राज’
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल एक निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह जनसेवा के एक नए और अहम दायित्व की शुरुआत है। राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा,
“हमने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है। राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर माफियाओं पर प्रहार किया गया है। इसका ही परिणाम है कि आज प्रदेश में युवाओं की सफलता का आधार केवल उनकी मेहनत, योग्यता और मेरिट है।”
साढ़े चार वर्षों में 33 हजार सरकारी नौकरियां
रोजगार के मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है।
‘घोषणा से ज्यादा डिलीवरी पर फोकस’
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ कदम मिलाते हुए हमारी सरकार ‘विकसित उत्तराखण्ड’ के लक्ष्य पर निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार अब ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां कोरी घोषणाओं से अधिक असल डिलीवरी, वादों से अधिक परिणाम और राजनीति से अधिक विकास को महत्व दिया जाता है। प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है और नए निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर सहित प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।