Noida News-नोएडा सेक्टर-75 की आइवी काउंटी सोसाइटी में भीषण आग, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Noida News-नोएडा के सेक्टर 75 में IVY काउंटी सोसाइटी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। वीडियो में देखा गया कि बहुमंजिला इमारत से आग और धुआं निकल रहा है। घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की बताई जा रही। 12वें फ्लोर के एक फ्लैट में आग लगने के बाद दमकल की टीम को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार एसी फटने से आग लगी। इसके बाद पूरी बिल्डिंग को खाली कराया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में आग की घटना पर संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाएं और घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराएं। सीएम का आदेश है कि प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं।

घटना में कोई जनहानि नहीं
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि यह घटना सेक्टर-75 में स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी में सुबह आठ बजे हुई। उन्होंने बताया कि आग फ्लैट में एयर कंडीशन में हुए विस्फोट की वजह से लगी। आग के कारण पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

सीढ़ियों से नीचे उतरे लोग
आग लगने के बाद बिल्डिंग में फंसे लोग सीढ़ियों के रास्ते इमारत से बाहर निकले। पुलिस ने बताया कि पूरी इमारत खाली करा ली गई और आसपास के फ्लैटों में रहने वालों को भी एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। आग लगने या किसी अन्य अपातकाल स्थिति में हमेशा सीढ़ियों के सहारे नीचे उतरने की ही सलाह दी जाती है। लिफ्ट आमतौर पर ऐसे हालातों में काम करना बंद कर देती है और लोगों के अंदर फंसने का खतरा रहता है।