मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश): मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ रसूलपुर हमीर गांव में एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। जिस पत्नी के साथ उसने 6 साल पहले कसमें खाकर प्रेम विवाह किया था, उसे ही उसने बेहद दर्दनाक मौत दे दी। इस खौफनाक घटना के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है और मृतका के तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छिन गया है।
प्रेम विवाह का खौफनाक अंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव रसूलपुर हमीर के रहने वाले नसीम ने करीब 6 वर्ष पूर्व सना (30 वर्ष) के साथ प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था। दोनों के तीन छोटे बच्चे भी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नसीम नशे का आदी था, जिसके चलते घर में अक्सर कलह रहती थी। शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच भयंकर विवाद हो गया। गुस्साए नसीम ने सना के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई हमले कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर कमरे में गिर पड़ी।
नातिन ने रोते हुए नाना को दी खौफनाक खबर
घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को तब लगी, जब सुबह-सुबह सना की मासूम बेटी रोते हुए अपने नाना के घर पहुंची। बच्ची ने बदहवास हालत में बताया कि उसके पिता ने मां के सिर पर ईंट मार दी है। सूचना मिलते ही सना के मायके वाले बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से लथपथ सना को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दहेज में नकदी और भैंस मांगने का आरोप
मृतका सना के परिजनों ने आरोपी पति नसीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रेम विवाह होने के बावजूद नसीम शादी के बाद से ही सना को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। वह अक्सर अपनी पत्नी से मायके से ‘नकदी और एक भैंस’ लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी न होने पर वह सना के साथ मारपीट भी करता था।
एसपी देहात और फॉरेंसिक टीम ने किया मुआयना
इस जघन्य हत्याकांड की सूचना मिलते ही मैनाठेर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अशोक कुमार ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से हत्या में इस्तेमाल ईंट और खून के नमूने साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित कर लिए हैं।
पुलिस ने सना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी नसीम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।