Mandi Dhanaura News-बुजुर्ग को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटी थी ई-रिक्शा, अब पुलिस एनकाउंटर में लंगड़े हुए 2 कुख्यात बदमाश; धनौरा में बड़ी कार्रवाई

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Mandi Dhanaura News-अमरोहा (मंडी धनौरा)। अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर चोर गिरोह के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। वहीं, बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गादीखेड़ा पुल के पास हुई मुठभेड़

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अमरोहा, श्री अखिलेश भदौरिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंडी धनौरा पुलिस क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गादीखेड़ा पुल के पास एक बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और वे वहीं गिर पड़े। इस पूरी मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) अरविंद कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए हैं।

बुजुर्ग को जहरखुरानी का शिकार बना लूटी थी ई-रिक्शा

गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान मोहम्मद उमर और मोहम्मद वसीम के रूप में हुई है। पूछताछ में इन दोनों शातिर अपराधियों ने एक बड़ा कबूलनामा किया है। आरोपियों ने बताया कि बीते 12 जुलाई को उन्होंने एक बुजुर्ग को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था और बेहोश होने पर उसकी ई-रिक्शा चोरी कर ली थी।

पुलिस ने इनके पास से चोरी की उस ई-रिक्शा को बेचकर कमाए गए 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ अमरोहा तथा बिजनौर जनपद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।