मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ
Bihar Ka New CM Race : बिहार की सियासत के लिए आज बहुत बड़ा दिन है। ऐसा इसलिए क्योंकि बिहार में नीतीश युग के अंत का काउंटडाउन शुरू हो गया है। तमाम कयासों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद इसकी पुष्टि कर दी है। नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखकर साफ कर दिया है कि वो मुख्यमंत्री पद छोड़ रहे हैं और अब राज्यसभा जाने की इच्छा है। नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद अब बिहार में नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। जानें इस रेस में किस-किस का नाम है।
पहली बार बन सकता है BJP का मुख्यमंत्री!
बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला क्या होगा, इस पर भी हर किसी की नजर है। बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है। इसके अलावा JDU कोटे से 2 डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे। इसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत का नाम भी है। उन्हें विधान परिषद भेजा जाएगा। साथ ही, अब बिहार में JDU की कमान भी निशांत ही संभाल सकते हैं।
CM पद की रेस में सम्राट चौधरी का नाम आगे
उधर, बिहार CM पद की रेस में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम आगे है। ऐसे कयास इसलिए लग रहे हैं क्योंकि सम्राट चौधरी दूसरी बार बिहार के उपमुख्यमंत्री हैं। गृह मंत्रालय भी सम्राट चौधरी के पास है। उन्हें नीतीश के साथ काम करने का अनुभव है। वह PM मोदी और अमित शाह के भरोसेमंद हैं। सम्राट चौधरी कुशवाहा समाज से ताल्लुक रखते हैं। वह लव-कुश समीकरण में सबसे ज्यादा फिट होते हैं।
मुख्यमंत्री की दौड़ में नित्यानंद राय का है नाम
सम्राट चौधरी के अलावा, CM की रेस में नित्यानंद राय का नाम भी है। उन्हें अमित शाह का बेहद भरोसेमंद माना जाता है। वे 2019 से केंद्र में गृह राज्य मंत्री हैं। वे 14 फीसदी आबादी वाली यादव जाति से आते हैं। नित्यानंद बिहार बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे 3 बार सांसद और 4 बार MLA रहे हैं।
जनकराम पर भी दांव लगा सकती है BJP
बीजेपी के जनकराम भी मुख्यमंत्री पद की रेस में बताए जा रहे हैं। उनका अनुसूचित जाति यानी SC जाति से ताल्लुक है। वे बिहार BJP का पढ़ा-लिखा दलित चेहरा हैं। जनकराम मौजूदा वक्त में MLC हैं। वे गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं। जनकराम, 2014 में गोपालगंज से सांसद बने थे। नीतीश सरकार में वे दो-दो बार मंत्री रहे हैं।
इन 5 नामों पर भी चर्चा तेज
गौरतलब है कि इन नामों के अलावा, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, संजीव चौरसिया, नीतीश मिश्रा, दिलीप जायसवाल और रामकृपाल यादव के नाम की चर्चा भी सियासी गलियारों में हो रही है। हालांकि, बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर BJP किसके नाम पर मुहर लगाती है, यह देखने वाली बात होगी।