Uttarakhand Government Advertisement

कांठ में घास काट रही महिला पर झपटा तेंदुआ, हालत गंभीर

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

कांठ (मुरादाबाद)। तेंदुआ कांठ क्षेत्र के गांव भरतपुर में गन्ने के खेत में घास काट रही महिला पर झपट पड़ा। तेंदुए ने महिला के सिर पर पंजे मारकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और स्वजन ने शोर मचाया तो तेंदुआ उसे छोड़कर कुछ दूरी पर जाकर बैठ गया।

पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को दौड़ाया तब करीब एक घंटे बाद वह खेतों में भाग गया। वन विभाग की टीम ने देर शाम तक आसपास के खेतों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। वहीं संभल, रामपुर और अमरोहा में भी तेंदुए दिखाई देने से लोग दहशत में हैं।

गांव भरतपुर निवासी विजयपाल की पत्नी निर्वेश देवी मंगलवार को अपनी जिठानी सर्वेश देवी, मुन्नी देवी, जेठ चिन्नू सिंह, शेर सिंह, मुहल्ले के जयप्रकाश सिंह और बसंती के साथ घास काटने गई थीं।

शाम करीब पांच बजे सभी अमर सिंह के गन्ने के खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक पीछे से निर्वेश देवी पर हमला कर दिया। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले तेंदुए ने उनके सिर पर पंजे मार दिए। घायल होकर निर्वेश खेत में गिर गईं।

चीख सुनकर पास में घास काट रहीं परिवार की महिलाओं ने शोर मचा दिया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके की ओर दौड़ पड़े। भतीजे मोनू ने बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुए ने चाची निर्वेश देवी को छोड़ दिया।

मगर, वह घटनास्थल से कुछ दूरी पर जाकर बैठ गया। प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेशपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। वन विभाग की टीम ने आसपास के खेतों में तेंदुए की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने तक उसका कोई पता नहीं चला।

घायल निर्वेश देवी को उपचार के लिए पहले बिजनौर के हल्दुआ गांव स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वन संरक्षक आदर्श कुमार ने बताया कि तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा लगवा दिया गया है। ग्रामीणों से प्रभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और अकेले खेतों पर न जाने की अपील की है।