मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बोलेरो पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

कुंदरकी (मुरादाबाद): मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह हादसा कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत बिलारी थाना इलाके में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

काम से कुंदरकी जा रहा था युवक मृतक की पहचान तेवर खास गांव निवासी लिआज मोहम्मद (पुत्र इब्राहीम) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लिआज गुरुवार को किसी काम से अपनी बाइक पर सवार होकर कुंदरकी जा रहा था। हाईवे पर अचानक एक बोलेरो पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

एक साल पहले ही हुई थी शादी, आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है कि मृतक लिआज की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने टक्कर मारने वाली बोलेरो पिकअप को मौके से जब्त कर लिया है। हालांकि, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।