Uttarakhand Government Advertisement

मुरादाबाद में UP पुलिस का मानवीय चेहरा: मजदूर की चोरी हुई साइकिल, तो थाना प्रभारी ने अपनी जेब से खरीदकर दी नई ‘उम्मीद’

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद : सोशल मीडिया और फिल्मों में अक्सर पुलिस की छवि को सख्त या नकारात्मक रूप में पेश किया जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया है कि खाकी वर्दी के पीछे एक बेहद संवेदनशील दिल भी होता है। यहां सिविल लाइंस पुलिस ने एक गरीब की मदद कर इंसानियत की बेहतरीन मिसाल कायम की है।

अस्पताल से चोरी हो गई थी रोजी-रोटी का सहारा बनी साइकिल

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले अर्जुन पेशे से एक दिहाड़ी मजदूर हैं। वे मजदूरी करके ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी आवाजाही और रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा उनकी पुरानी साइकिल थी, जो हाल ही में जिला अस्पताल के पास से चोरी हो गई थी। अर्जुन ने साइकिल की काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने निराश होकर थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी ने किया कॉल, भेंट की नई साइकिल

जब इस गरीब मजदूर की परेशानी और उसकी आजीविका छिनने की जानकारी सिविल लाइंस के थाना प्रभारी (SHO) हरीशवर्धन को मिली, तो उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अर्जुन को कॉल किया और उन्हें थाने मिलने बुलाया।

जब अर्जुन थाने पहुंचे, तो थाना प्रभारी हरीशवर्धन ने उन्हें अपनी ओर से एक नई साइकिल भेंट की। अपनी नई साइकिल देखकर अर्जुन की आंखें छलक आईं और वह फफक कर रो पड़े। थाना प्रभारी ने साइकिल के साथ-साथ उसका बिल भी अर्जुन को सौंप दिया।

‘यह सिर्फ साइकिल नहीं, नई उम्मीद है’

रोते हुए अर्जुन ने थाना प्रभारी हरीशवर्धन का धन्यवाद किया और कहा कि उनके लिए यह सिर्फ एक साइकिल नहीं है, बल्कि फिर से मेहनत कर अपने परिवार को पालने और आत्मनिर्भर बनने की एक नई उम्मीद है।

मुरादाबाद पुलिस के इस मानवीय और नेक कार्य की अब पूरे जिले में जमकर तारीफ हो रही है। आम जनता से लेकर सोशल मीडिया यूजर्स तक, हर कोई थाना प्रभारी के इस कदम की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहा है।