मुरादाबाद: मुगलपुरा थाना क्षेत्र में जामा मस्जिद के पास स्थित हमसफर शादी हॉल के सामने शनिवार को एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। तेज धमाके के साथ इमारत के मलबे में तब्दील होते ही इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रशासन की सतर्कता से बची कई जानें
राहत की बात यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दरअसल, लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की हालत जर्जर हो गई थी और उसमें दरारें आ गई थीं। स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस इमारत को पहले ही खाली करा लिया था। इसी वजह से जब मकान गिरा, तब वहां कोई मौजूद नहीं था।
पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इमारत गिरने से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। मौके पर पुलिस बल और नगर निगम की टीमें मुस्तैद हैं तथा हालात का जायजा ले रही हैं।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के अन्य जर्जर और कमजोर भवनों को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

लेखक के बारे में
असिस्टेंट एडिटर
मयंक त्रिगुण Jagruk Youth News में असिस्टेंट एडिटर हैं। इनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। राजनीति, समसामयिक मामलों, न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर लिखने में उनकी गहरी रुचि है। मुरादाबाद के टीएमयू (TMU University) से MJMC (MA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह छह साल से अधिक समय से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

