Moradabad News-मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम मौसम बदलने के दौरान खेत में काम कर रहे एक मजदूर की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बगी गोवर्धनपुर गांव में हुआ। मृतक की पहचान लेखराज (50) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक लेखराज सोमवार शाम खेत में गोभी की फसल की निराई-गुड़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से लेखराज गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अन्य मजदूरों ने ग्रामीणों को दी सूचना
घटना के समय खेत में कुछ अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे। बिजली गिरने के बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
पत्नी और तीन बेटों को पीछे छोड़ गए लेखराज
लेखराज अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी किरणपाल ने बताया कि खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।