PM Kisan 24th Installment : देश के करोड़ों किसानों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में करीब ₹19,000 करोड़ ट्रांसफर किए गए। वहीं, पीएम मोदी ने गुजरात को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इन परियोजनाओं से खेती, पशुपालन, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
किसानों के खाते में पहुंचे ₹19,000 करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने PM-Kisan योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम तीन बराबर किस्तों में यानी हर चार महीने में ₹2,000 के रूप में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस सरकारी सहायता का मकसद छोटे और सीमांत किसानों को खेती से जुड़े खर्चों में मदद देना है। किसान इस पैसे का इस्तेमाल बीज, खाद और दूसरी जरूरी कृषि जरूरतों को पूरा करने के लिए कर सकते हैं। हालांकि, किस्त का लाभ उन्हीं किसानों को मिलता है जो योजना की पात्रता शर्तें पूरी करते हैं।
₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
पीएम मोदी के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान राज्य में करीब ₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, और कृषि से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। सरकार का कहना है कि इनसे राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बनास डेयरी को भी मिली बड़ी सौगात
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने बनास डेयरी की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें बनासकांठा जिले के भिलड़ी में बनाया गया भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) प्रमुख है। यह केंद्र 127 एकड़ में फैला है और इसके निर्माण पर करीब ₹325 करोड़ खर्च किए गए हैं। इस केंद्र का उद्देश्य पशुओं की नस्ल सुधारने, बेहतर पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने से जुड़ी रिसर्च को मजबूत करना है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने पालनपुर स्थित बनास डेयरी के अल्ट्रा हाई टेम्परेचर (UHT) प्लांट में ऑटोमेटेड स्टोरेज सिस्टम का भी उद्घाटन किया।

