PM-Kisan 24 : देश के करोड़ों किसानों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में करीब ₹19,000 करोड़ ट्रांसफर किए गए। वहीं, पीएम मोदी ने गुजरात को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोगों को देश का विकास अच्छा नहीं लग रहा है।
गुजरात के बनासकांठा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में PM-Kisan योजना की नई किस्त जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के किसानों के खातों में एक और किस्त पहुंच गई है। किसान देश की मजबूत नींव और विकास के अहम स्तंभ हैं। सरकार हमेशा से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके हितों को प्राथमिकता देने के लिए काम करती रही है।
बनासकांठा की अनूठी व्यवस्था का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा की अनूठी व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल सभी लोग चारपाई पर बैठे हैं, जिसे देखकर देश के लोगों को हैरानी हो सकती है। बनासकांठा ने गांवों की पुरानी परंपराओं को फिर से जीवित किया है। पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर इस आयोजन की जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दी जाती, तो शायद इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कर लिया जाता।
₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
पीएम मोदी के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान राज्य में करीब ₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, और कृषि से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। सरकार का कहना है कि इनसे राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
दो नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें अहमदाबाद (साबरमती) से वाराणसी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती के बीच संचालित होने वाली MEMU ट्रेन शामिल हैं। इन सेवाओं से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय रेल संपर्क बेहतर होगा।

लेखक के बारे में
असिस्टेंट एडिटर
मयंक त्रिगुण Jagruk Youth News में असिस्टेंट एडिटर हैं। इनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। राजनीति, समसामयिक मामलों, न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर लिखने में उनकी गहरी रुचि है। मुरादाबाद के टीएमयू (TMU University) से MJMC (MA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह छह साल से अधिक समय से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

