Uttarakhand Government Advertisement

संभल में आस्था की अनूठी मिसाल : तमन्ना मलिक के बाद अब ये मुस्लिम युवक इस लिये ला रहा डाक कांवड़

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

संभल। संभल जिले में सांप्रदायिक सौहार्द और आस्था की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिल रही है। शिवभक्त तमन्ना मलिक के बाद अब एक और मुस्लिम युवक, मुजाहिद उर्फ छोटा, डाक कांवड़ लेकर आ रहे हैं। संभल क्षेत्र के देहली गांव के निवासी मुजाहिद सपरिवार हरिद्वार पहुंच चुके हैं, जहां से वे हर की पौड़ी से पवित्र गंगाजल भरकर अपने गांव के प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रा पर प्रस्थान देहली गांव निवासी नेकस के पुत्र मुजाहिद शनिवार शाम अपने गांव के लगभग 50 अन्य युवाओं के साथ हरिद्वार के लिए प्रस्थान कर गए। प्रशासन और सुरक्षा बलों की ओर से कांवड़ियों के इस दल को रास्ते के लिए कड़ी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्रा निर्विघ्न संपन्न हो सके।

सनातन धर्म में अगाध आस्था और मन्नत मुजाहिद ने बताया कि वे तिपहिया यात्री वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका विवाह लगभग 12 वर्ष पूर्व तुनेजा के साथ हुआ था और उनके दो पुत्र, अलफैज (10) और अरसान (7) हैं। मुजाहिद के अनुसार, उनकी सनातन धर्म में गहरी आस्था है और वे भगवान भोलेनाथ के परम भक्त हैं। उन्होंने शिवजी से एक मन्नत मांगी थी, जिसे पूरा करने के उद्देश्य से ही वे यह डाक कांवड़ ला रहे हैं।

सोमवार सुबह होगा महा-जलाभिषेक मुजाहिद और उनके साथी मोहित कुमार ने जानकारी दी कि वे रविवार शाम को हरिद्वार की हर की पौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर गांव के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात सोमवार की सुबह सात से नौ बजे के बीच देहली गांव के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा। इस अनोखे शिवभक्त को देखने और स्वागत करने के लिए ग्रामीणों में भारी उत्साह है।

संभल में 50 से अधिक डाक कांवड़ आने की संभावना श्रावण मास के तृतीय सोमवार को लेकर शिवभक्तों में भारी उत्साह और भक्तिभाव है। इस पावन अवसर पर हरिद्वार और बृजघाट से संभल जिले में 50 से अधिक डाक कांवड़ आने की संभावना है। अनेक कांवड़ियों के दल हरिद्वार के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बृजघाट से कांवड़ लाने वाले दल भी अपनी यात्रा प्रारंभ कर चुके हैं।