Uttarakhand Government Advertisement

Schools Holidays : भारी बारिश, के चलते कई शहरों में 12वीं तक के स्कूल किए बंद

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Schools Holidays :  लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में रविवार से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण लखनऊ के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर सोमवार को छुट्टी का ऐलान किया है। कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों को 4 अगस्त 2025 को बंद कर दिया गया है। स्कूल से निकल चुके बच्चों को वापस भेज दिया गया।

प्रयागराज में गंगा नदी का पानी रिहायशी इलाकों में पहुंच गया है। लोगों के घरों में भी पानी भर गया है। वाराणसी में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। अयोध्या में सरयू नदी उफान पर है, यहां भी रिहायशी क्षेत्रों में जलजमाव है। वहीं कानपुर, लखनऊ समेत कई जगहों पर अभी भी बारिश जारी है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के मनाली डिवीजन के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों और आईटीआई में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। एसडीएम मनाली ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। मनाली में बीती रात से ही भारी बारिश हो रही है। इससे क्षेत्र की सड़कों व रास्तों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। मनाली में ब्यास नदी का जल स्तर भी बारिश से बढ़ने लगा है।

 

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बारिश से भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क हैं। भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। भारी बारिश को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

राजधानी दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। बिहार के कई जिलों में भी बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। भागलपुर में रिहायशी इलाकों में पानी घुस चुका है। राजधानी पटना के निचले इलाकों में भी जलजमाव हो गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी नदियां उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जलभराव है।