Uttarakhand Government Advertisement

अवैध संबंध में अंधी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर किया पति का कत्ल

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

कसौली/सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात सामने आई है। यहां बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को खौफनाक मौत दे दी। हत्या के बाद दोनों ने सबूत मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद, फिर कर दी हत्या प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। शनिवार रात उनके घर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी और उसके प्रेमी के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला और उसके कथित प्रेमी ने व्यक्ति पर धारदार हथियार (चाकू) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

शव को 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंका आरोप है कि हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने खुद को बचाने और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। उन्होंने खून से लथपथ शव को घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर घनी झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे, तो उनकी नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

अवैध संबंध बनी हत्या की मुख्य वजह! सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू (MMU) अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कत्ल में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक कलह चल रही थी और महिला कुछ समय पहले नेपाल भी चली गई थी। इस दंपती की एक छोटी बेटी भी है। जांच में यह तथ्य भी उभरकर आ रहा है कि पत्नी के कथित प्रेम संबंध ही इस खूनी खेल का मुख्य कारण बने हैं।

पुलिस अधीक्षक ने की गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस अधीक्षक (SP) सोलन टी.एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा, “मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।” इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।