संभल (उत्तर प्रदेश): बहजोई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव बमनेटा के पास एक दिव्यांग की ट्राईसाइकिल को बचाने के प्रयास में सवारियों से भरा टेंपो एक डंपर से जा टकराया। इस भीषण टक्कर में दो मासूम बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
टेंपो के उड़े परखच्चे, डंपर पलटा जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सवा आठ बजे टेंपो चालक सौदान 11 सवारियों को लेकर बहजोई से चंदौसी जा रहा था। बहजोई से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांव बमनेटा के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए और डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग: हादसे में टेंपो चालक सहित 5 लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- सौदान (टेंपो चालक, सादातबाड़ी, बहजोई)
- रुवैद (25 वर्ष, मोहल्ला कुरैशियान, बहजोई)
- रोहिणी (26 वर्ष, परमानंदपुर, बदायूं)
- ध्रुव (7 वर्ष, मऊ कठैर)
- आराध्या (3 माह, मऊ कठैर)
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर घायलों को क्षतिग्रस्त टेंपो से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची बहजोई थाना पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बहजोई पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायलों में मृत बच्चों की मां भावना के अलावा पुनीत (बदायूं), रामपाल (धनारी), बिट्टू (रजपुरा), प्रशांत (मऊ कठैर) और ब्रजकिशोर (बनियाठेर) शामिल हैं। पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।