Uttarakhand Government Advertisement

संभल में हादसा: बूढ़े बाबा के दरबार में नहाते समय डूबा मुरादाबाद का युवक

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

संभल: असमोली थाना क्षेत्र स्थित बूढ़े बाबा के दरबार में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सावन/भादो मेले में ‘जात’ (धार्मिक रस्म) लगाने आए मुरादाबाद के एक 30 वर्षीय युवक की कुंड में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के कटवार थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय दिनेश बिश्नोई (पुत्र आसाराम बिश्नोई) रविवार को संभल जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित बूढ़े बाबा के दरबार में दर्शन के लिए आए थे। रविवार होने के कारण वहां मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। दोपहर करीब 12:30 बजे दिनेश दरबार के पास बने एक बड़े कुंड में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

युवाओं ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित स्थानीय निवासी हर्षित कुमार और गांव के तीन-चार अन्य लड़कों ने कड़ी मशक्कत के बाद डूबे हुए दिनेश को कुंड से बाहर निकाला। आनन-फानन में उनके साथ आए लोग उन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुंड में डूबने के दौरान ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।

मेला कमेटी पर लगे गंभीर आरोप हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने मेला कमेटी की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हर्षित कुमार ने बताया कि जब कुंड का पानी गहरा था, तो वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए थे। आरोप है कि जब युवक डूब रहा था और उसका साथी मदद मांगने आया, तब कमेटी के लोगों ने कोई मदद नहीं की। वहीं, पास में ही दुकान लगाने वाली महिला गुड्डी देवी ने बताया कि धर्मशाला बनने से कुंड की तरफ का हिस्सा ढक गया है। यदि समय रहते लोगों को युवक के डूबने का पता चल जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों ने नहीं दी कोई तहरीर मनौटा पुलिस चौकी प्रभारी अरशद खान ने बताया कि सुबह से ही मेले में भारी भीड़ थी, जिसकी सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात की गई थी। वहीं, दोपहर बाद थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को बाहर निकालने के बाद परिजन उसे मुरादाबाद ले गए थे, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल, परिजनों की ओर से पुलिस को इस मामले में कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है।