UP में खादी कपड़ों पर 30 जनवरी 2027 तक 25% छूट

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

लखनऊ। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को खास तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि प्रदेश में खादी के कपड़ों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 फीसदी की छूट दी जाएगी। उन्होंने लोगों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

खादी सिर्फ वस्त्र नहीं, स्वदेशी की भावना

मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना से जुड़ी है। इसके इस्तेमाल से गांवों के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि बापू का ‘स्वदेशी से स्वावलंबन’ का संदेश भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण आधार बना था और गांधी जी के नेतृत्व में बिखरा आंदोलन व्यापक जनांदोलन में बदल गया था।

‘लोकल टू ग्लोबल’ पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्रोत्साहन देना और उन्हें बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए गांवों के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर उनकी सादगी और संघर्षशील व्यक्तित्व को भी नमन किया। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी, स्वच्छता और स्वावलंबन को जीवन का मंत्र बनाने की अपील की।