Uttarakhand Government Advertisement

अमरोहा में स्वास्थ्य और बिजली विभाग को डिप्टी सीएम का अल्टीमेटम- ‘हीट वेव में न हो कोई कोताही

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिले की जन-कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अमरोहा को उत्तर प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जनपद स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है, इसलिए केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं को पूरी तरह धरातल पर उतारा जाए।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने उपमुख्यमंत्री को रामदरबार का स्मृति चिह्न और अमरोहा की मशहूर ढोलक भेंट कर उनका स्वागत किया।

अमरोहा की ढोलक को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान उपमुख्यमंत्री ने ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत अमरोहा की विश्व प्रसिद्ध ढोलक की समीक्षा की। उन्होंने जिला उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि ढोलक निर्माताओं को विशेष प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) दिया जाए। ढोलक की एक अलग ब्रांडिंग की जाए और उसका नाम रखा जाए, ताकि देश-विदेश में अमरोहा की ढोलक की गुणवत्ता की अलग पहचान बन सके। साथ ही मेटल और वुड हैंडीक्राफ्ट को भी ओडीओपी में शामिल करने पर चर्चा हुई।

हीट वेव अलर्ट: बिजली और स्वास्थ्य विभाग को दिए सख्त निर्देश गर्मी और हीट वेव के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ने बिजली और स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं:

  • विद्युत विभाग: उन्होंने कहा कि मांग के अनुरूप बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। गर्मी के दौरान आम जन को अघोषित बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े, यह अधिकारियों की सीधी जिम्मेदारी है।
  • स्वास्थ्य विभाग: सीएमओ और सीएमएस को निर्देश दिए कि दैनिक ओपीडी (OPD) बढ़ाई जाए। दवाइयों की कमी न हो, सब-सेंटर्स पर ताला न लगा रहे और खराब हो चुकी एंबुलेंस को हटाया जाए। हीट वेव के मरीजों के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए जाएं और लोगों को जागरूक किया जाए।

आवारा गोवंश सड़कों पर न दिखें उपमुख्यमंत्री ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि सड़कों पर निराश्रित गोवंश घूमते हुए नहीं दिखने चाहिए। उन्हें तत्काल गौशालाओं में पहुंचाया जाए और वहां हरा चारा, भूसा व पेयजल का उचित प्रबंध हो। गांवों में लोगों को जागरूक किया जाए कि वे गोवंश को बेसहारा न छोड़ें।

जल जीवन मिशन और कायाकल्प योजना समीक्षा के दौरान बताया गया कि अमरोहा में 90 बीघे में स्ट्रॉबेरी की खेती हो रही है, जिसे 200 बीघे तक ले जाने का लक्ष्य है। जल जीवन मिशन के तहत जहां पाइपलाइन बिछ गई है, वहां तत्काल पेयजल आपूर्ति शुरू करने और लीकेज रोकने के निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा विभाग ने बताया कि जिले में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 99.91% कार्य पूर्ण हो चुके हैं। डिप्टी सीएम ने स्कूलों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने और मिड-डे-मील की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया।

लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को आवास की चाबी, सीएम युवा योजना के तहत ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र, ओडीओपी के तहत टूल किट और एक किसान को ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी।

बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री के.पी. मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, शिक्षक विधायक हरिसिंह ढिल्लो, विधायक महेन्द्र सिंह खड़गवंशी (हसनपुर), विधायक राजीव तरारा (धनौरा), पूर्व विधायक संगीता चौहान, पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव और मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार मिश्र सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में उपमुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया।