लखनऊ, 20 अक्टूबर: यूपी की राजधानी लखनऊ में आज विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न रामलीला मैदानों में शाम से देर रात तक रावण दहन के आयोजन होंगे, लेकिन सबसे बड़ा आकर्षण ऐशबाग रामलीला मैदान में रहेगा, जहां इस बार रावण का हाईटेक रोबोटिक पुतला देखने को मिलेगा। यह पुतला केवल खड़ा नहीं रहेगा, बल्कि खुद चलकर मैदान में आएगा, उसके हाथ-पैर हिलेंगे और वह तलवार भी लहराएगा।
पुतले के दहन के बाद करीब 45 मिनट तक भव्य आतिशबाजी होगी। इस बार रामलीला के मंचन में भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए कई दृश्य दिखाए जा रहे हैं, और राम बारात में डिजिटल हाथी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ऐशबाग रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का दावा है कि करीब 500 साल पहले गोस्वामी तुलसीदास ने यहां रामलीला की शुरुआत की थी। कमेटी के अनुसार, 16वीं शताब्दी में तुलसीदास लखनऊ आए और करीब चार महीने के प्रवास के दौरान उन्होंने ऐशबाग में रामलीला मंचन शुरू किया। धीरे-धीरे यह परंपरा लखनऊ से निकलकर प्रदेश के अन्य हिस्सों तक पहुंची। लंबे समय तक अयोध्या के साधु-संत भी इस आयोजन से जुड़े रहे।
स्रोत: द हो हल्ला (thehohalla.com)

