मुरादाबाद: गांधी-शास्त्री जयंती पर DM की नसीहत — अंतिम पायदान के व्यक्ति के कल्याण के लिए करें कार्य

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव सहित सभी उप जिलाधिकारियों और कलेक्ट्रेट के अधिकारियों-कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों व अंत्योदय की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता दर्शन समेत विभिन्न अवसरों पर आमजन की शिकायतों और समस्याओं को केवल संबंधित विभाग को अग्रसारित कर देना पर्याप्त नहीं है। हर अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि शिकायत के अंतिम और गुणवत्तापूर्ण समाधान के प्रति पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।

जिलाधिकारी ने कहा कि एक अधिकारी के सामने रोजाना अनेक पत्रावलियां आती हैं, लेकिन अपनी समस्या और उम्मीद लेकर कार्यालय आने वाले आमजन के लिए संबंधित अधिकारी ही समाधान का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम होता है। ऐसे में हर अधिकारी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आमजन को शासन-प्रशासन से न्याय, समाधान और संवेदनशील व्यवहार प्राप्त हो।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सेवा और जनकल्याण के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने कार्य-व्यवहार में आत्मसात करते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से जनसेवा करने का आह्वान किया।

(मयंक त्रिगुण, मुरादाबाद)