मुरादाबाद: शहर के चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में गणेश चतुर्थी को लेकर छात्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। त्योहार की तैयारियों के बीच विद्यालय के छात्रों ने अपनी कला और भक्ति का शानदार प्रदर्शन करते हुए इको-फ्रेंडली (मिट्टी की) करीब 80 आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार की हैं।
कला और रचनात्मकता का बेहतरीन संगम छात्रों ने यह कार्य कला प्रभारी डॉ. नवनीत गोस्वामी के विशेष मार्गदर्शन में किया। डॉ. गोस्वामी ने छात्रों को मिट्टी को आकार देने और गणेश जी के स्वरूप की बारीकियों को उकेरने के तरीके सिखाए। छात्रों ने बप्पा को अलग-अलग रूपों में ढालकर अपनी रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
धर्म और जाति से ऊपर उठकर दिया भाईचारे का संदेश विद्यालय के प्रबंधक नवनीत शमशेरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों ने जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर इन प्रतिमाओं का निर्माण किया है। यह प्रयास समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का मजबूत संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में न सिर्फ कला के प्रति रुचि बढ़ती है, बल्कि वे एक-दूसरे की भावनाओं और संस्कृतियों का सम्मान करना भी सीखते हैं।
इनका रहा विशेष सहयोग गणेश प्रतिमाओं के निर्माण और इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में मेजर शिवकुमार, राजीव कुमार पाठक, जितेंद्र सिंह, पंकज कुमार शर्मा और विशाल अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की पाठ्येतर गतिविधियों से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा बाहर आती है और उन्हें भारतीय संस्कृति के धार्मिक और सामाजिक महत्व को गहराई से समझने का मौका मिलता है