मुरादाबाद: मझोला थाना क्षेत्र में एक युवती ने अमरोहा निवासी एक युवक पर ब्लैकमेल करने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समझौते के बाद भी नहीं आया बाज पीड़िता ने मझोला थाने में दी गई शिकायत में बताया है कि उसने आरोपी अमनपाल (निवासी वासुदेव किशनगढ़, अमरोहा) के खिलाफ पूर्व में भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस दौरान 5 अप्रैल 2025 को दोनों पक्षों के बीच राजीनामा (समझौता) हो गया था। युवती का आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह अब फिर से उसे ब्लैकमेल कर रहा है और उसके फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकियां दे रहा है।
सीओ ने दी जानकारी लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने दोबारा पुलिस की शरण ली। सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।