मुरादाबाद: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और महिला अपराध का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दहेज में डेढ़ लाख रुपये नकद और कार की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने अपने ससुर पर दुष्कर्म करने और पति व ससुर पर तेजाब से जलाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के कुछ समय बाद ही शुरू हुई प्रताड़ना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के भोगपुर मिठौनी निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका निकाह हरथला रेलवे स्टेशन के पास अब्दुल्ला तिराहा निवासी दानिश के साथ हुआ था। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल वालों का रवैया बदल गया। आरोप है कि पति दानिश और ससुर जरीफ हुसैन उस पर मायके से दहेज में डेढ़ लाख रुपये नकद और एक कार लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न कर पाने पर उसके साथ आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाने लगी।
ससुर पर दुष्कर्म और हत्या की धमकी का आरोप पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में ससुर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि ससुर जरीफ हुसैन ने उसके साथ ज्यादती (दुष्कर्म) की। जब पीड़िता ने इस घिनौनी हरकत का विरोध किया और दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना तेज कर दिया। विवाद के दौरान पति और ससुर ने उसे तेजाब से जलाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस कर रही साक्ष्यों की जांच लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति दानिश और ससुर जरीफ हुसैन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म, और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।