मुरादाबाद:महानगर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ़ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रविवार को अमरोहा गेट स्थित पनीर-खोया मंडी के बाहर छापेमारी कर करीब 350 किलोग्राम (साढ़े तीन क्विंटल) संदिग्ध नकली पनीर बरामद किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल एक ‘प्रेस’ (PRESS) लिखी ईको गाड़ी की आड़ में चल रहा था।
छापा पड़ते ही गाड़ी छोड़कर फरार हुआ चालक
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर की मंडियों और बाजारों में बड़े पैमाने पर मिलावटी व संदिग्ध पनीर की आपूर्ति की जा रही है। इस सूचना पर विभाग ने अपनी निगरानी बढ़ा दी थी। रविवार को सहायक खाद्य आयुक्त राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने अमरोहा गेट स्थित पनीर-खोया मंडी के गेट पर एक संदिग्ध ईको गाड़ी को रोका। जांच करने पर गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में पनीर भरा मिला। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मंडी के जरिए बाजारों में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ‘प्रेस’ लिखी इस गाड़ी से पनीर को मंडी के भीतर पहुंचाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि यहां से इस संदिग्ध पनीर की सप्लाई शहर के विभिन्न बाजारों और दुकानों तक की जानी थी। हालांकि, यह पनीर कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। चालक के फरार होने के बाद अब वाहन के मालिक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लैब भेजा गया सैंपल, नष्ट कराया जाएगा पनीर
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से बरामद पनीर को अपने कब्जे में लेकर उसका नमूना (Sample) जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह संदिग्ध खाद्य सामग्री दोबारा बाजार में न पहुंच सके, बरामद पनीर को नष्ट कराने की कार्रवाई भी की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ इसी तरह अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
असिस्टेंट एडिटर
मयंक त्रिगुण Jagruk Youth News में असिस्टेंट एडिटर हैं। इनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। राजनीति, समसामयिक मामलों, न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर लिखने में उनकी गहरी रुचि है। मुरादाबाद के टीएमयू (TMU University) से MJMC (MA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह छह साल से अधिक समय से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

