मुरादाबाद (ठाकुरद्वारा): मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में गन्ने के खेत में पत्ती छील रही एक 50 वर्षीय महिला पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हालांकि, साथ काम कर रहीं अन्य महिलाओं की सूझबूझ और शोर मचाने से महिला की जान बच गई, लेकिन वह दहशत के कारण बेहोश हो गई।
घात लगाए बैठे तेंदुए ने किया अचानक हमला जानकारी के अनुसार, उस्मानपुर गांव निवासी अली हसन की पत्नी हमसीरन (50) मंगलवार दोपहर अपनी भतीजी हुस्न जहां, भाभी आमना और बहन नन्ही के साथ खेत में गन्ने की पत्ती छीलने गई थीं। महिलाएं अपने काम में जुटी थीं, तभी खेत में पहले से घात लगाए बैठे एक तेंदुए ने अचानक हमसीरन पर झपट्टा मार दिया।
शोर सुनकर भागा तेंदुआ, सदमे से बेहोश हुई महिला तेंदुए के हमले से वहां चीख-पुकार मच गई। हमसीरन के साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर तेंदुआ घबरा गया और महिला को छोड़कर वापस खेत में भाग गया। इस हमले में हमसीरन को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन तेंदुए को इतने करीब से देखकर वह सदमे में आ गईं और मौके पर ही बेहोश हो गईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत ठाकुरद्वारा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों में दहशत, पिंजरा लगाने की मांग इस घटना के बाद से उस्मानपुर और आसपास के गांववालों में भारी दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग को हमले की सूचना देते हुए जल्द से जल्द गांव के पास पिंजरा लगाने की मांग की है। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी रवि गंगवार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम स्थिति का जायजा ले रही है और तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।