Uttarakhand Government Advertisement

गजब हो गया! रस्में छोड़ बिजलीघर पहुंचा दूल्हा, बोला- ‘कल मेरी शादी है, घर में अंधेरा है लाइट चालू करो’

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली विभाग की लचर व्यवस्था ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी अव्यवस्था के बीच लाइनपार स्थित ‘धक्का बिजलीघर’ में मंगलवार को एक ऐसा अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर वहां मौजूद कर्मचारी और लोग भी हैरान रह गए।

‘कल मेरी शादी है, लाइट चालू कराइए…’ दरअसल, रामलीला मैदान के पास रहने वाले एक युवक की बुधवार को शादी थी। मंगलवार को घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं, रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था और शादी की अन्य रस्में निभाई जा रही थीं। इसी बीच इलाके की बिजली गुल हो गई। जब काफी देर तक बिजली नहीं आई और गर्मी से रिश्तेदारों का हाल बेहाल होने लगा, तो दूल्हे का सब्र जवाब दे गया। दूल्हा अपनी रस्में छोड़कर खुद धक्का बिजलीघर पहुंच गया और अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा- “कल मेरी शादी है, घर में अंधेरा है, जल्द बिजली चालू कराइए।” दूल्हे की इस बात को सुनकर बिजलीघर में मौजूद कर्मचारी भी कुछ देर के लिए सकते में आ गए।

दौलतबाग में 6 घंटे तक रहा ब्लैकआउट उधर, शहर के दौलतबाग बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में भी हालात बदतर रहे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हाईटेंशन लाइन का जंपर टूट गया, जिससे दौलतबाग, तहसील स्कूल और दीवान का बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लोगों ने बिजलीघर फोन मिलाया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। बाद में उच्च अधिकारियों से संपर्क करने पर फॉल्ट का पता चला। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 4 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

वोल्टेज के खेल में फुंके उपकरण, केबल में लगी आग बिजली विभाग की लापरवाही का आलम यहीं खत्म नहीं हुआ। बुद्धि विहार क्षेत्र में दोपहर के समय लो और हाई वोल्टेज की आंख-मिचौली चलती रही। हाई वोल्टेज के कारण कई घरों की महंगी एलईडी (LED) और अन्य उपकरण फुंक गए। बाद में जांच करने पर एक जगह फ्यूज ढीला मिला, जिसे कसने के बाद वोल्टेज सामान्य हुआ। वहीं, सीतापुरी क्षेत्र में एबीसी (ABC) वायर में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।

अधीक्षण अभियंता का बयान इस पूरे मामले पर अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि दौलतबाग क्षेत्र में क्षतिग्रस्त जंपर को बदल दिया गया है और अब शहर के सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य कर दी गई है।