Moradabad news : ठाकुरद्वारा में SSC की तैयारी कर रही छात्रा का नदी में मिला शव

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Moradabad news :मुरादाबाद। मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। मानपुर गांव के पास ढेला नदी के पुल के नीचे एक 21 वर्षीय युवती का शव तैरता हुआ मिला है। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही खबर पुलिस तक पहुंची, आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शुरुआती पड़ताल में मृतका की शिनाख्त बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र स्थित नारायण बाला गांव की रहने वाली ललिता (21 वर्ष) पुत्री सोदियाल के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक ललिता ठाकुरद्वारा में रहकर एसएससी (SSC) की तैयारी कर रही थी। होनहार बेटी की अचानक इस तरह मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोचिंग जाने के नाम पर निकली थी ललिता
बताया जा रहा है कि ललिता अपने उज्ज्वल भविष्य के सपने लेकर ठाकुरद्वारा के एक नामी कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रही थी। वह रोजाना की तरह अपने कमरे से पढ़ाई के लिए निकली थी, लेकिन किसी को अंदाजा भी नहीं था कि उसकी जिंदगी का ऐसा दर्दनाक अंत हो जाएगा। मानपुर स्थित नेपा चौकी क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने जब नदी के पानी में एक शव को बहते देखा, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

हत्या या हादसा? उलझी गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
घटना स्थल की स्थिति को देखते हुए इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ललिता ठाकुरद्वारा से ढेला नदी के पुल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
नेपा चौकी पुलिस का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। पुलिस टीम ठाकुरद्वारा स्थित उसके किराए के कमरे और कोचिंग सेंटर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा ललिता की कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) भी खंगाले जा रहे हैं ताकि उसकी आखिरी बातचीत और लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।