मुरादाबाद में बड़ा धमाका: पिज्जा शॉप में विस्फोट से 4 लोग बुरी तरह झुलसे, एक की हालत नाजुक; SP सिटी मौके पर

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद। शहर के शेरुआ चौराहे पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक पिज्जा शॉप में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। धमाका इतना भयंकर था कि आसपास की दुकानों के शटर तक हिल गए और इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में दुकान का एक कर्मचारी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त दुकान में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था — कुछ कर्मचारी ओवन पर पिज्जा सेक रहे थे, तो कुछ ग्राहक एसी के नीचे बैठे थे। तभी अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी दुकान धुएं से भर गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। शुरुआती चर्चा है कि दुकान में लगा एसी फटा है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही एसडीएम सदर, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरीशवर्धन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी की पहचान बिरजू उर्फ बृजपाल के रूप में हुई है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एक महिला समेत तीन अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है।

धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की असली वजह साफ हो पाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: मयंक त्रिगुण, मुरादाबाद)