उत्तरकाशी। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 5 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में देवभूमि के उत्तरकाशी स्थित प्राचीन श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के नाम से विशेष संकल्प लेकर एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
सीएम धामी के लिए रुद्राभिषेक और हवन इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव का रुद्राभिषेक, मां शक्ति का पाठ और विशाल हवन-पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं, पुजारियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। साथ ही, उत्तराखंड राज्य की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिलने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
गिनाए गए धामी सरकार के ऐतिहासिक फैसले इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते पांच वर्षों में सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
वक्ताओं ने विशेष रूप से जिक्र किया कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। इसके अलावा, देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू कर हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास, निवेश और मातृशक्ति के सशक्तिकरण जैसे दूरदर्शी निर्णयों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई और सशक्त पहचान दिलाई है।
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में यमुनोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने पूर्ण श्रद्धा-भाव के साथ अनुष्ठान में भाग लिया।