Uttarakhand Government Advertisement

CM धामी ने सचिवालय में खरीदे महिलाओं के बनाए उत्पाद, त्योहारी सीजन के लिए प्रदेशवासियों से की यह खास अपील

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

देहरादून : त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड सरकार ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ योजना के तहत लगाए गए स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के स्टालों का भ्रमण किया और वहां से विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की।

‘स्थानीय उत्पाद हमारी संस्कृति और हुनर की पहचान’

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे ये उत्पाद हमारी समृद्ध स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अद्भुत हुनर की सच्ची पहचान हैं। जब हम इन उत्पादों को खरीदते हैं, तो हम न केवल अपने स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि इससे जुड़ी हजारों महिलाओं की आजीविका को सशक्त बनाने में भी अपना सीधा योगदान देते हैं।

त्योहारों पर ‘वोकल फॉर लोकल’ को दें प्राथमिकता

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों (दीपावली आदि) पर खास अपील करते हुए कहा कि त्योहार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का सबसे बेहतरीन अवसर होते हैं। लोग अपने लिए उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदते समय स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को ही प्राथमिकता दें। आपकी एक छोटी सी खरीद किसी ग्रामीण परिवार की आय बढ़ाने और किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूत करने में बड़ा सहायक बन सकती है।

सरकार दिला रही है उत्पादों को बेहतर बाजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश भर में चल रहे ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने स्थानीय उत्पादों के प्रति एक नया विश्वास और आकर्षण पैदा किया है। उत्तराखंड सरकार भी लगातार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को बड़ा और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ के संकल्प को मिलेगी मजबूती

सीएम धामी ने आम जनमानस से आह्वान किया कि वे न केवल खुद स्थानीय उत्पाद खरीदें, बल्कि अपने परिवार और दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को एक जन-अभियान बनाने से ही ‘आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सच्ची मजबूती मिलेगी।